logo

News

मदरहुड विश्वविद्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान, छात्रों ने दिया जागरूकता का संदेश

मदरहुड विश्वविद्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान, छात्रों ने दिया जागरूकता का संदेश


रुड़की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर मदरहुड विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता की शपथ, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रैली और पुष्पांजलि समारोह हुआ।



कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन प्रांगण में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत स्वच्छता शपथ के साथ हुआ। कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।



इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता एवं जन-जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इसके बाद विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शैक्षणिक ब्लॉक, पुस्तकालय, छात्रावास और परीक्षा भवन के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।



अपने संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने लाल बहादुर शास्त्री को सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है।



कुलसचिव अजय गोपाल शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) नीरज मलिक ने कहा कि स्वच्छ परिसर से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित होती है।



कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक, चीफ प्रॉक्टर, शिक्षक, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Shri Sangam News
Get In Touch

Editor in Chief - Vinit Tyagi

Delhi Road Near Godawari Hotel Roorkee

+91-8954517785 | 7895522613

reportervineet86@gmail.com

Follow Us

© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies