डॉ. ममता कुंवर को मिला देवभूमि माटी गौरव सम्मान–2026

देहरादून/ रुड़की। संस्कृति जागरण मंच, उत्तराखंड प्रान्त की ओर से संस्कृति विभाग के सहयोग से हरिद्वार बाईपास स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान–2026’ समारोह आयोजित किया गया। समारोह में साहित्य, संस्कृति, लोकगायन, संगीत, अभिनय, स्वास्थ्य सेवा, महिला उद्यमिता, पत्रकारिता, समाजसेवा और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 24 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकभाषाओं और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया।

इसी क्रम में साहित्यकार, कवयित्री एवं शिक्षाविद् डॉ. ममता कुंवर को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और गढ़वाली कविता के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया।

डॉ. ममता कुंवर लंबे समय से साहित्य, लोकभाषा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। अपनी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से वह उत्तराखंड की लोक परंपराओं और गढ़वाली भाषा-साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. ममता कुंवर ने संस्कृति जागरण मंच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी माटी, भाषा और संस्कृति के लिए कार्य करना उनके लिए गौरव के साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें लोक संस्कृति और गढ़वाली भाषा-साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।

संस्कृति जागरण मंच के उत्तराखंड प्रान्त अध्यक्ष ज्योति प्रकाश पंत ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश की संस्कृति और समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाते हैं। समारोह में दीपक केंतुरा, विजय पंत सहित मंच के पदाधिकारी, आयोजक मंडल के सदस्य और विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies