रुद्रप्रयाग के गडोरा गांव में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, ‘मिसेज गडोरा–2026’ बनीं वंदना रावत

रुद्रप्रयाग। गडोरा गांव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। डॉ. ममता कुंवर के आयोजन में गांव की महिलाओं, बालिकाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्तराखंडी पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिसेज गडोरा–2026’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद वंदना रावत ने खिताब अपने नाम किया, जबकि अल्पना कुंवर फर्स्ट रनर-अप और काजल सेकंड रनर-अप रहीं। प्रतियोगिता में अंजू बिष्ट और अमिता कप्रवान ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

वहीं बालिकाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ नंदा राजजात यात्रा की भावपूर्ण प्रस्तुति ने भी दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने नंदा देवी की विदाई और पहाड़ की लोकआस्था को मंच पर जीवंत किया।

इस दौरान आयोजक डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक उत्सव के साथ महिलाओं और नई पीढ़ी को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies