मंगलौर पुलिस और सीआईयू टीम ने 11 मुकदमों वाले कुख्यात नशा तस्कर सलमान को किया गिरफ्तार। मंगलौर, गंगनहर, बहादराबाद, और सहारनपुर जिले में दर्ज है मुकदमे

मंगलौर: हरिद्वार पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर मंगलौर पुलिस ने एक ऐसे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ हरिद्वार और उत्तर प्रदेश में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।

नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए कोतवाली मंगलौर पुलिस ने पीरपुरा निवासी कुख्यात नशा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

हरिद्वार पुलिस ने बताया कि सलमान के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई, लेकिन वह अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।

एसपी ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। सीआईयू रुड़की के सहयोग से आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारियों पर लगातार तलाश की गई। 9 जुलाई को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सलमान के खिलाफ कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हरिद्वार जिले के मंगलौर, गंगनहर और बहादराबाद थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि एक मुकदमा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर महिला थाने में दर्ज है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई मामले, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में भी कार्रवाई हो चुकी है।

हरिद्वार पुलिस ने साफ कहा है कि जनपद में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे सभी तस्करों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies