कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, जारी किए दिशा-निर्देश, जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर पर पूरी तरह प्रतिबंध। कांवड़ की ऊंचाई तय, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई- SSP

हरिद्वार: आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाने के लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं और सभी कांवड़ यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

हरिद्वार पुलिस ने कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही पैदल जल लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं की कांवड़ की ऊंचाई 6 फीट और कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि ऊंची बिजली की लाइनों से होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को भाला, त्रिशूल, तलवार या अन्य किसी प्रकार का हथियार लाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने साफ किया है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कर हरिद्वार में प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपने साथ वैध पहचान पत्र रखने की भी अपील की है। वहीं रेल से यात्रा करने वाले कांवड़ियों को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या किसी अन्य असुरक्षित स्थान पर यात्रा करना कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आपसी विवाद, मारपीट और किसी भी प्रकार का तनाव पैदा न करने की अपील करते हुए कहा है कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना है, न कि अशांति फैलाना।

हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन करें, पुलिस और प्रशासन का साथ दें तथा कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies