रुड़की के कृष्णा नगर के जलभराव पर नगर निगम प्रशासन एक्शन में

रुड़की: कृष्णानगर वासियों ने बारिश से बने जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर नगर आयुक्त गोपाल राम बेनीवाल मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल और राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल से मुलाकात की। बैठक में जल निकासी के लिए चार वैकल्पिक प्रस्ताव रखे गए, जिन पर निगम प्रशासन ने सहमति जताते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

लगातार बारिश के चलते कृष्णा नगर की गलियों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ,मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल और राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल से मुलाकात कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

बैठक में जल निकासी के लिए चार वैकल्पिक मार्ग प्रस्तावित किए गए। इनमें गली नंबर-1 का पानी पोसवाल चौक होते हुए बीएसए कार्यालय के पास लेबर चौक के नाले तक पहुंचाने, गली नंबर-20 का पानी चौधरी महिपाल की कोठी से सुधीर चौक के नाले में छोड़ने, स्काई वर्ल्ड स्कूल से वैष्णो माता मंदिर होते हुए सर्वज्ञ स्कूल के पीछे रहीमपुर तालाब तक निकासी का मार्ग तैयार करने तथा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत डीपीआर के अनुसार कच्चे नाले की खुदाई कराने का प्रस्ताव शामिल है।

वही निर्णय लिया गया कि जब तक इन प्रस्तावों पर कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक कृष्णा नगर से जलभराव की निकासी पंपिंग सेट के माध्यम से कराई जाएगी। नगर आयुक्त, मेयर प्रतिनिधि और राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने इन प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई है।

© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies