हरिद्वार में राजनीतिक दलों के साथ प्रशासन की समीक्षा बैठक संपन्न। 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में 42.42% डिजिटाइजेशन कार्य पूरा

हरिद्वार: हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।

प्रशासन ने बताया कि जनपद में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का 42 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है।

हरिद्वार जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 8 जून से बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कर रहे हैं, जो 7 जुलाई तक जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि अब तक जनपद की 11 विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का 42.42 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही नाम संशोधन, विलोपन और अन्य सुधारों के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे।

अपर जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि उनके द्वारा नियुक्त बीएलए-2, बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि जनपद में शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में विधायक भगवानपुर श्रीमती ममता राकेश, कांग्रेस बालेश्वर सिंह अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी हरिद्वार, चंद्रपाल सिंह कांग्रेस ,राजीव गर्ग सीपीएम,मदनपाल जिला अध्यक्ष बहुजन समाजवादी पार्टी, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली,मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धनपाल सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे ।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies