हरिद्वार में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर 25 मिनी सचिवालयों की बड़ी सौगात।
पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने किया लोक समर्पण कार्यक्रम का शुभारंभ

हरिद्वार/ रुड़की। हरिद्वार से बड़ी खबर है, जहां राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर जनपद को बड़ी सौगात मिली है। 25 ग्राम पंचायतों में मिनी सचिवालय स्थापित किए गए हैं और परिवार रजिस्टरों के डिजिटलीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर हरिद्वार जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें मिनी सचिवालय के रूप में विकसित किया गया। इस पहल का शुभारंभ पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी भी मौजूद रहे। मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि यह जनपद के लिए गौरव का दिन है, क्योंकि अब ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही होगा। उन्होंने बताया कि परिवार रजिस्टर की नकल और अन्य प्रमाण पत्र अब आसानी से गांव स्तर पर ही मिल सकेंगे, जिससे लोगों को जिला मुख्यालय और तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार गांवों के चौमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि मिनी सचिवालय बनने से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि 25वीं रजत जयंती के अवसर पर चयनित पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस मिनी सचिवालय में बदला गया है, जहां परिवार रजिस्टर का डिजिटलीकरण भी किया गया है।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की दीपक रामचन्द्र सेट, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कमलेश,ग्राम प्रधान राकेश कुमार,सुशील त्यागी, मास्टर नागेंद्र,पवन तोमर, आयुष त्यागी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ विकास ठाकुर,खंड विकास अधिकारी पवन सैनी सहित जनप्रतिनिधिगण,संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies