हरिद्वार में हीटवेव का असर, स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव.... 27 अप्रैल से 26 मई तक नई टाइमिंग लागू..... छोटे बच्चों की छुट्टी 12 बजे, बड़ी कक्षाएं 12:30 बजे तक...स्कूलों में वॉटर बेल, ORS और ठंडे पानी की व्यवस्था अनिवार्य

हरिद्वार/रुड़की। हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं।

शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 27 अप्रैल 2026 से 26 मई 2026 तक जनपद हरिद्वार के सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया है।

नई व्यवस्था के तहत प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके तहत स्कूलों में नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाई जाएगी, ताकि बच्चे समय-समय पर पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके। साथ ही सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
इसके अलावा छात्रों को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने, तेज धूप में खेलकूद और बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने, और छुट्टी के बाद बच्चों को समूह में घर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं, ताकि भीषण गर्मी के बीच बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies