देहरादून में गूंजा हिमालयी नारी शक्ति सम्मान–2026 । पहाड़ की संस्कृति ,लोक परंपराओं और समाज सेवा के लिए डॉ. ममता कुंवर को मिला सम्मान।

देहरादून/रुड़की। देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. ममता कुंवर को ‘हिमालयी नारी शक्ति सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उत्तराखंड स्टेट कौंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी और दिव्य हिमगिरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

देहरादून स्थित इंस्टिट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के सभागार में आयोजित आठवें हिमालयी नारी शक्ति सम्मान–2026 समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. भानु दुग्गल रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में कुमकुम रानी और उत्तराखंड स्टेट कौंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत मौजूद रहे।
7
समारोह में प्रदेश भर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 महिलाओं को ‘हिमालयी नारी शक्ति सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया, जबकि 7 महिलाओं को ‘विज्ञान प्रयोगधर्मी महिला सम्मान’ प्रदान किया गया। यह सम्मान महिलाओं को स्टार्टअप, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक योगदान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।

इसी कड़ी में सामाजिक कार्यकर्ता और संस्कृति कर्मी डॉ. ममता कुंवर को साहित्य, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. कुंवर अपनी रचनाओं के माध्यम से हिमालयी जीवन, लोक संस्कृति, पर्यावरणीय संवेदनाओं और समाज की जमीनी सच्चाइयों को अभिव्यक्ति देती रही हैं। उनकी लेखनी पहाड़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रही है।

इस अवसर पर डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की महिलाएँ अपनी प्रतिभा, परिश्रम और रचनात्मकता के दम पर समाज में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। ऐसे सम्मान कार्यक्रम महिलाओं के योगदान को पहचान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रतिभागियों और गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जहां सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक शक्ति बताया गया।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies