मदरहुड विश्वविद्यालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान, 2156 विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प, 400 किलो कूड़ा किया एकत्र
स्वच्छता महाअभियान में मदरहुड विश्वविद्यालय की बड़ी भागीदारी

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम मे हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने के उद्देश्य से मदरहुड विश्वविद्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में विश्वविद्यालय के 2156 विद्यार्थियों, अध्यापकगण एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वच्छता अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर व आसपास की सड़कों से लगभग 250 किलोग्राम सूखा कूड़ा एवं 150 किलोग्राम गीला कूड़ा एकत्र किया गया, जिसे निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया गया।

इस अवसर पर मदरहुड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. नरेंद्र शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों व कर्मचारियों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान किया और अभियान में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। कुलपति के आग्रह पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ भी ग्रहण की।

वहीं, विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय गोपाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छता को हमें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु अजय गोपाल शर्मा कुलसचिव , सुशील कुमार राजस्व निरीक्षक एवं प्रवीण कुमार उपराज्य निरीक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. कृष्ण पाल चौहान ने कहा कि ऐसे अभियान समाज और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर मदरहुड आयुर्वेदिक कॉलेज के सभी विद्यार्थी, मदरहुड विश्वविद्यालय के सभी संकायों के अधिष्ठाता एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना है, जिसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies